PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-पिंडवाड़ा की ग्राम पंचायत काला महादेव खेड़ा की छतरियाफली में दो दिन पहले दो बच्चों की मौत के बाद चिकित्सा विभाग अलर्ट हो गया है। ग्रामीणों में बीमारी को लेकर फैली आशंका के बीच स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार दूसरे दिन सोमवार को भी प्रभावित क्षेत्र में तैनात रहीं। सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी के निर्देश पर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों की निगरानी में घर-घर सर्वे कर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई। एहतियात के तौर पर विभाग ने सैंपलिंग भी तेज कर दी है। राहत की बात यह है कि शुरुआती जांच में कोई गंभीर मरीज सामने नहीं आया।32 घरों का सर्वे, 225 लोगों की जांच सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि डिप्टी सीएमएचओ डॉ. एसपी शर्मा और पिंडवाड़ा बीसीएमओ डॉ. भूपेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में दो विशेष मेडिकल टीमें गठित कर छतरियाफली भेजी गईं। टीमों ने फली के 32 घरों का सर्वे कर वहां रहने वाले 225 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
14 लोगों में मिले बीमारी के लक्षण, मौके पर दिया उपचार : स्वास्थ्य जांच के दौरान दो लोगों में बुखार, तीन में उल्टी-दस्त और नौ लोगों में फोड़े-फुंसी की शिकायत मिली। चिकित्सा टीम ने सभी को मौके पर ही आवश्यक दवाइयां देकर उपचार उपलब्ध कराया। बीमारी के संभावित कारणों की जांच और एहतियात के तौर पर सोमवार को 148 लोगों की ब्लड स्लाइड लेकर जांच के लिए भेजी गईं। वहीं, रविवार को पहले दिन लिए गए सभी ब्लड स्लाइड की जांच रिपोर्ट मलेरिया नेगेटिव आई है। इससे फिलहाल क्षेत्र में मलेरिया संक्रमण की आशंका को लेकर राहत मिली है।




