PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही के स्वरूपगंज थाना क्षेत्र के बादरा फली भीमाना में सांप के डसने से एक युवक बेहोश हो गया। परिजन उसे गंभीर हालत में सिरोही जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज के करीब एक घंटे बाद उसे होश आया। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे वार्ड में भर्ती कर लिया। फिलहाल उसकी हालत डॉक्टरों की निगरानी में है और इलाज जारी है।
घर लौटते समय सांप ने पैर में डसा
जानकारी के अनुसार, बादरा फली भीमाना निवासी भूराराम पुत्र गोमाराम शनिवार शाम घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में सांप ने उसके दाहिने पैर में डस लिया और पास की झाड़ियों में चला गया। घर पहुंचने पर उसके पैर में दर्द होने लगा, लेकिन उसने शुरुआत में इस पर ध्यान नहीं दिया।
रातभर रही परेशानी, सुबह बिगड़ी तबीयत
रातभर परेशानी रहने के बाद रविवार सुबह उसे बेहोशी छाने लगी। परिजन दोपहर बाद उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां उसकी तबीयत लगातार बिगड़ने पर शाम करीब 4:30 बजे उसे सिरोही जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
एक घंटे के इलाज के बाद आया होश
ट्रॉमा सेंटर पहुंचने पर डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने तत्काल इलाज शुरू किया। करीब एक घंटे तक चले प्राथमिक इलाज के बाद भूराराम को होश आया। इसके बाद उसे अस्पताल के वार्ड में भर्ती कर लिया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।




