PALI SIROHI ONLINE
जालोर-रामसीन-भीनमाल मार्ग पर जसवंतपुरा सर्किल के पास रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
रामसीन थाने के एएसआई लादाराम ने बताया कि आम्बातरी गांव निवासी लीलाराम (50) पुत्र जेठाराम मेघवाल रविवार शाम करीब 7 बजे रामसीन कस्बे से सब्जी और घरेलू सामान खरीदकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। जसवंतपुरा सर्किल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि लीलाराम सड़क पर मुंह के बल गिर पड़े। उनके सिर पर गंभीर चोट आई और ज्यादा खून बहने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद सामान सड़क पर बिखर गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने किसी बस से टक्कर लगने की आशंका जताई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को स्थानीय रामसीन हॉस्पिटल की मॉच्र्युरी में रखवाया है, जहां सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। हादसे के कारण और अज्ञात वाहन व उसके ड्राइवर की तलाश की जा रही है। वहीं, परिजनों ने पुलिस को रिपोर्ट देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।




