PALI SIROHI ONLINE
बाली-सादड़ी में सड़क पर अचानक बंदर आ जाने से बाइक बेकाबू होकर फिसल गई। हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग महिला और उनका दोहिता घायल हो गए। महिला के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि युवक को मामूली चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को बेहतर इलाज के लिए सुमेरपुर रेफर किया गया। वहीं, युवक को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
बंदर सामने आने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, राजपुरा निवासी कन्या बाई प्रजापत (65-70), पत्नी पुखराज प्रजापत, अपने दोहिते भावेश पुत्र स्व. मदनलाल प्रजापत के साथ बाइक से जा रही थीं। इसी दौरान अचानक सड़क पर बंदर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक फिसलकर गिर गई, जिससे दोनों घायल हो गए।
कार से अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद सादड़ी के बिलिया निवासी सुरेश प्रजापत अपनी कार से घायल कन्या बाई को सादड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सुमेरपुर रेफर कर दिया गया।
वहीं, भावेश को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।




