PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर जिले के रामसीन में गुरुवार दोपहर कृषि उपकरणों की दुकान से 3 लाख 83 हजार रुपए से भरा बैग चोरी हो गया। दो युवक 80 रुपए का ऑयल खरीदने के बहाने दुकान पर आए थे। दुकानदार दूसरे ग्राहक को सामान दिखाने अंदर गया, तभी दोनों में से एक युवक काउंटर पर रखा बैग लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद बैग गायब मिलने पर दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी।
80 रुपए का ऑयल खरीदने आए थे युवक
जानकारी के अनुसार, भरूणी गांव निवासी भवानी सिंह पुत्र पतसिंह की रामसीन के तीन बत्ती चौराहे पर राजपूताना एंटरप्राइजेज के नाम से मशीनरी की दुकान है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे दो युवक दुकान पर आए। इनमें से एक ने 80 रुपए का ऑयल मांगा। दुकानदार ने ऑयल देने के बाद उससे 500 रुपए का नोट लिया। खुले पैसे लौटाने के लिए दुकानदार ने काउंटर में रखे बैग से रुपए निकाले और बैग वापस रख दिया।
दूसरे ग्राहक को सामान दिखाने गया दुकानदार
इसी दौरान दुकान पर दूसरा ग्राहक आ गया। दुकानदार उसे सामान दिखाने के लिए अंदर चला गया। दूसरा ग्राहक भी सामान देखने अंदर पहुंच गया, जबकि पहले आए दोनों युवक दुकान पर ही खड़े रहे। इसी दौरान मौका देखकर युवक काउंटर पर रखा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में 3 लाख 83 हजार रुपए रखे थे।
बैग गायब मिला तो पुलिस को दी सूचना
कुछ देर बाद एक अन्य ग्राहक को खुले पैसे देने के लिए दुकानदार ने बैग देखा तो वह गायब मिला। इस पर उसे चोरी का संदेह हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी। रामसीन थाना पुलिस ने दुकानदार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आपेश्वर व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने बताया – दिनदहाड़े दुकान से बड़ी रकम चोरी होने की घटना से व्यापारियों में चिंता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




