PALI SIROHI ONLINE
नवरात्रा एवं दशहरा पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
पाली, 12 अक्टूबर। नवरात्रा एवं दशहरा पर्व के दौरान जिले में विभिन्न स्थानों पर गरबा, दुर्गाष्टमी, महानवमी, मेले एवं रावण दहन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आमजन की सहभागिता को देखते हुए शांति, कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट डॉ रविन्द्र गोस्वामी के निर्देशों के अनुसार, गरबा आयोजन की अनुमति जारी करने से पूर्व निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानदंडों की पालना सुनिश्चित की जाएगी। गरबा आयोजकों की बैठक आयोजित कर कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न करवाने के लिए पाबंद किया जाएगा। आयोजनों के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों एवं डीजे का उपयोग निर्धारित ध्वनि सीमा के अनुरूप किया जाएगा तथा रात्रि 10 बजे के पश्चात गरबा कार्यक्रमों की समाप्ति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, आयोजन स्थलों पर समुचित पार्किंग व्यवस्था करने तथा यातायात में बाधा उत्पन्न नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं।
गरबा एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए आयोजकों को विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए आवश्यक सावधानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन स्थलों पर विद्युत तारों की सुरक्षित व्यवस्था, अस्थायी विद्युत कनेक्शन की उचित देखरेख तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। सभी आयोजनों के लिए सक्षम स्तर से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त करना भी अनिवार्य होगा।
दुर्गाष्टमी, महानवमी, मेले एवं दशहरा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। आवागमन के मार्गों में आने वाले अवरोधों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर हटाया जाएगा। रावण दहन एवं जुलूस के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए सुरक्षित बैरिकेडिंग, पर्याप्त पुलिस जाब्ता एवं आवश्यक कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं आयोजनकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के साथ ही आयोजन स्थलों का निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण भी किया जाएगा। उपखंड क्षेत्रों में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से सुनिश्चित की जाएंगी। बड़े गरबा आयोजन स्थलों का स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।




