PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में रविवार शाम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से आगामी प्रांत स्तरीय घोष शिविर ‘मरु निनाद’ के लिए घोष निमंत्रण संचलन निकाला गया। संचलन के दौरान गोपीनाथ जी मंदिर और सोमनाथ महादेव मंदिर में वादन के साथ भगवान शिव को विधिवत निमंत्रण दिया। शिविर 12 से 15 नवंबर तक जोधपुर के शिकारपुरा स्थित संत राजाराम तीर्थ धाम में आयोजित होगा। इसमें 5 हजार घोषवादकों की भागीदारी का टारगेट रखा गया है। शिविर में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत भी शामिल होंगे।
सोमनाथ संघ कार्यालय से शुरू हुआ संचलन
जिला संघचालक नेमीचंद अखावत ने बताया- कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 5 बजे सोमनाथ संघ कार्यालय से हुआ। घोषवादकों का संचलन भैरूघाट होते हुए गोपीनाथ जी मंदिर पहुंचा। यहां वादन के साथ निमंत्रण दिया गया। इसके बाद संचलन सर्राफा बाजार और सोमनाथ मंदिर होते हुए वापस संघ कार्यालय पहुंचा। सोमनाथ मंदिर में भी वादन के साथ निमंत्रण अर्पित किया गया।
जोधपुर में 12 से 15 नवंबर तक होगा शिविर
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से 12 से 15 नवंबर तक जोधपुर के शिकारपुरा स्थित संत राजाराम तीर्थ धाम में ‘मरु निनाद’ प्रांत घोष शिविर आयोजित किया जाएगा। पाली से भी बड़ी संख्या में घोषवादक इसमें भाग लेंगे।
पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों ने मोहा मन
घोष निमंत्रण संचलन में आनक, प्रणव, शंख, शृंग, वेणु और त्रिभुज सहित विभिन्न पारंपरिक वाद्य यंत्रों का समन्वित वादन किया गया। स्वयंसेवकों ने स्वागत प्रणाम और ध्वज प्रणाम के साथ भूप, मीरा, शिवरंजनी, हंसध्वनि, किरण, श्रीराम, सोनभद्र, गायत्री, बंग श्री, चेतक, शिवराज और मेवाड़ सहित अनेक भारतीय शास्त्रीय रचनाओं की प्रस्तुति दी।




