PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही जिले में शिवगंज कस्बे में मंगलवार देर रात पुलिस थाने के बाहर एक हादसा हो गया। पुलिस सेवा वाहन 112 और बाइक की टक्कर में 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार 1 युवक पुलिस वाहन के बंपर में फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस वाहन पुराना राजमार्ग स्थित शराब के ठेकों को बंद करवाकर थाने लौट रहा था। ड्राइवर ने कथित तौर पर बिना सावधानी बरते अचानक वाहन को थानेकी ओर मोड़ा, जिससे सामने से आ रही बाइक उससे टकरा गई।
दोनों घायल युवक हायर सेंटर रेफर
हादसे के बाद दोनों घायल युवकों को पुलिस वाहन से ही जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनके पैरों में गंभीर चोटें देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह टीम एसपी के निरीक्षण के चलते शराब के ठेके बंद करवाने निकली थी। ठेके बंद करवाने के बाद ही यह हादसा हुआ। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।





