PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-पालड़ी एम थाना क्षेत्र में ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन पर पोसालिया पुलिया के पास गुरूवार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने आगे चल रहे दूध के टैंकर को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में ट्रेलर में सवार सुदेश सिंह (30) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रेलर ड्राइवर शैलेंद्र सिंह (30) गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें भरी टाइल्स टूट गईं। वहीं, टैंकर में भरा दूध सड़क पर बह गया।
अचानक बिगड़ा ट्रेलर का नियंत्रण
जानकारी के अनुसार ट्रेलर शिवगंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान ड्राइवर का अचानक नियंत्रण हट गया और ट्रेलर आगे चल रहे टैंकर से जा भिड़ा। टक्कर के बाद ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि केबिन में बैठा एक व्यक्ति मौके पर ही दम तोड़ गया।
एक की मौत, ड्राइवर गंभीर घायल
पालड़ी एम पुलिस के सहायक उप निरीक्षक देवाराम ने
बताया कि हादसे में इच्छापुर धौलपुर निवासी सुदेश सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह की मौत हुई है। वहीं, हुमायूंपुर, फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) निवासी शैलेंद्र सिंह पुत्र सतवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल शैलेंद्र सिंह को उपचार के लिए सिरोही ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
सड़क पर बहा दूध, यातायात हुआ बाधित
टक्कर के बाद दूध का टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें भरा दूध सड़क पर फैल गया। दोनों वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने से फोरलेन पर यातायात भी प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई।
पुलिस पहुंची, टोल कर्मचारियों ने हटाए वाहन
हादसे की सूचना मिलते ही पालड़ी एम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। बाद में टोल प्लाजा कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात फिर से सुचारू हो सका। मृतक के शव को पोसालिया के सरकारी अस्पताल की मॉच्युरी में रखवाया गया है।

