PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जालोर के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में चाय की दुकान की आड़ में अवैध मादक पदार्थ बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से भारी मात्रा में एमडीएमए, स्मैक और गांजा बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के मार्गदर्शन में संचालित अभियान के तहत ANTF महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार के निर्देशन में की गई।
खुफिया इनपुट पर हुई त्वरित कार्रवाई
ANTF टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि रामपुरा कॉलोनी (गोडीजी) निवासी सतीश जीनगर, पुराना बस स्टैंड के सामने स्थित अपनी चाय की स्टॉल की आड़ में अवैध नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त कर रहा है। पक्की सूचना मिलने पर ANTF टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को डिटेन कर तुरंत स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके पास से कई प्रकार के मादक पदार्थ और बिक्री की पैसे बरामद हुए।
बरामद सामग्री और जब्ती
पुलिस ने रामपुरा कॉलोनी के गोडीजी निवासी सतीश जीनगर (33) को NDPS Act में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया हैं। साथ ही आरोपी के कब्जे से एमडीएमए (मौली)- 19.99 ग्राम, स्मैकः 24.70 ग्राम, गांजा: 35.02 ग्राम जब्त किया है। फिलहाल, पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशीले पदार्थों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड सप्लायर्स के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।





