PALI SIROHI ONLINE
फालना गांव, बिरामी व सवराड़ उप स्वास्थ्य केंद्र एनक्यूएएस गुणवत्ता प्रमाणन में शामिल
*फालना गांव, बिरामी व सवराड़ के चिकित्सा संस्थान को मिला प्रमाणन*
पाली, 1 अक्टूबर 2026/ राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों (NQAS) के तहत पाली जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर-सब हेल्थ सेंटरों (AAM-SHC) ने गुणवत्ता सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (NHSRC) की ओर से जारी वर्चुअल गुणवत्ता मूल्यांकन के परिणामों में जिले की तीन स्वास्थ्य संस्थाओं को गुणवत्ता प्रमाणन प्रदान किया गया है।
सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केन्द्र द्वारा जारी प्रमाणन पत्रों के अनुसार आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र (AAM-SHC) फालना गांव (पाली) का 25 अगस्त 2026 को वर्चुअल मूल्यांकन किया गया, जिसमें संस्थान ने 86.93 प्रतिशत का ओवरऑल स्कोर प्राप्त किया। इसे 12 सर्विस पैकेज के साथ क्वालिटी सर्टिफाइड घोषित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र (AAM-SHC) बिरामी (पाली) का 25 अगस्त 2026 को वर्चुअल असेसमेंट हुआ। बिरामी ने 84.19 प्रतिशत का ओवरऑल स्कोर प्राप्त कर 12 सर्विस पैकेज के साथ गुणवत्ता प्रमाणन क्वालिटी सर्टिफाइड हासिल किया है।
डॉ मारवाल ने बताया कि वहीं AAM-SHC सवराड़ (पाली) का 24 अगस्त 2026 को वर्चुअल मूल्यांकन किया गया। संस्थान ने 75.58 प्रतिशत का स्कोर प्राप्त किया। इसे क्वालिटी सर्टिफाइड विथ कंडीशनलिटी (Quality Certified With Conditionality) के तहत प्रमाणन प्रदान किया गया है। इस प्रमाणन की वैधता छह माह निर्धारित की गई है। संस्थान को मूल्यांकन के दौरान सामने आई कमियों एवं सुधार योग्य क्षेत्रों को निर्धारित समय में दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
*गुणवत्ता सुधार की दिशा में निरंतर प्रयास*
सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (NHSRC) की ओर से जारी प्रमाणन पत्र में बताया गया है कि प्रमाणित स्वास्थ्य संस्थानों को मूल्यांकन के दौरान सुझाए गए सुधार के क्षेत्रों पर कार्य करते हुए एक्शन प्लान राज्य गुणवत्ता आश्वासन इकाई को प्रस्तुत करना होगा। आगामी सर्विलांस ऑडिट के दौरान इन सुधारों की समीक्षा की जाएगी तथा इसकी स्थिति NHSRC की Certification Unit को भेजी जाएगी।
जिले के इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में NQAS के निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध संसाधनों, मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं तथा गुणवत्ता प्रबंधन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग पाली द्वारा जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में गुणवत्ता आधारित सेवाओं को मजबूत करने तथा राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाओं को विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।





