PALI SIROHI ONLINE
पाली-यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने मारवाड़ जंक्शन-खामली घाट-मारवाड़ जंक्शन वैली क्वीन मीटर गेज हेरिटेज ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। अब यह हेरिटेज ट्रेन 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक संचालित होगी। संचालन अवधि बढ़ने से यात्रियों को ऐतिहासिक रेलखंड और अरावली के प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने का अतिरिक्त मौका मिलेगा।
संचालन अवधि में विस्तार किया गया
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया-गाड़ी संख्या 00961/00962 मारवाड़ जंक्शन-खामली घाट-मारवाड़ जंक्शन वैली क्वीन मीटर गेज हेरिटेज रेलसेवा के संचालन की अवधि में विस्तार किया गया है।
प्राकृतिक नजारों का सफर
वैली क्वीन हेरिटेज रेलसेवा यात्रियों को मीटर गेज रेलखंड की ऐतिहासिक विरासत के साथ अरावली क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव कराती है। संचालन अवधि बढ़ाए जाने से टूरिस्ट और रेल यात्रियों को इस विरासत रेल यात्रा का आनंद लेने का मौका मिलेगा।
चार कोच की होगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार इस हेरिटेज रेलसेवा में 4 कोच होंगे। इनमें 1 एसी एग्जीक्यूटिव कोच, 2 मीटर गेज डिब्बे और 1 पॉवर कार शामिल है। ट्रेन का संचालन बढ़ी हुई अवधि के दौरान यात्रियों और पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा।




