PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही के जावाल कस्बे के एक खेत में अरंडी की फसल में पानी देते समय 30 वर्षीय किसान सुदेश पुत्र रखाराम को रसैल वाइपर सांप ने दाहिने हाथ में डस लिया।
सर्पदंश के बाद किसान की हालत बिगड़ गई। उसे जावाल में प्राथमिक इलाज के बाद सिरोही के सरकारी अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उसे आईसीयू वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
अरंडी की फसल में दे रहा था पानी
जावाल निवासी सुदेश सुबह अपने खेत में अरंडी की फसल को फव्वारे से पानी दे रहा था। इसी दौरान वह फव्वारे को हटाने लगा तो वहां छिपे रसैल वाइपर ने उसके दाहिने हाथ में डस लिया। सांप के डसते ही खेत में मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर मार दिया।
हालत बिगड़ने पर सिरोही रेफर
सर्पदंश के बाद परिजन और आसपास मौजूद लोग सुदेश को जावाल के अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत बिगड़ती देख शुरुआती इलाज किया और इसके बाद उसे सिरोही ट्रॉमा सेंटर भेज दिया।
आईसीयू में निगरानी, हर 3 घंटे में जांच
सिरोही ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने सुदेश को भर्ती कर इलाज शुरू किया है। उसे आईसीयू वार्ड में रखा गया है। डॉक्टर हर तीन घंटे में उसके खून की जांच कर रहे हैं। जांच के जरिए खून के गाढ़ा होने की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर संबंधित दवा दी जा सके।




