PALI SIROHI ONLINE
एक माह तक जातरुओं की सेवा के बाद राम रसोड़े का समापन
महाप्रसादी के बाद भजन संध्या में उमड़े श्रद्धालु, समाजसेवियों व दानदाताओं का किया स्वागत
चामुंडेरी/भंदर। बाली उपखंड क्षेत्र में चामुंडेरी और भंदर के बीच बाली-पिंडवाड़ा मेगा हाईवे पर बाबा रामदेवजी के जातरुओं की सेवा के लिए संचालित निशुल्क राम रसोड़े का एक माह बाद समापन हुआ। राम रसोड़ा पूर्ण होने के अवसर पर महाप्रसादी का आयोजन किया गया। इसके बाद भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भजनों का आनंद लिया।
गौरतलब है कि बाबा रामदेवजी के उपासक एवं समाजसेवी छगनलाल कुमावत की ओर से पिछले कई वर्षों से चामुंडेरी-भंदर के बीच मेगा हाईवे पर बाबा रामदेवजी के जातरुओं की सेवा के लिए निशुल्क राम रसोड़ा संचालित किया जाता है। इस राम रसोड़े में 36 कौम के समाजबंधुओं, माताओं-बहनों एवं ग्रामीणों का सहयोग मिलता है।
राम रसोड़े में पैदल यात्रा करने वाले जातरुओं के लिए भोजन, चाय-नाश्ता, चिकित्सा सुविधा, विश्राम एवं ठहरने की व्यवस्था पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। एक माह तक लगातार श्रद्धालुओं की सेवा करने के बाद राम रसोड़े के समापन अवसर पर आयोजन से जुड़े समाजसेवियों, दानदाताओं एवं सहयोगकर्ताओं का ग्रामीणों की ओर से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
आयोजकों ने बताया कि बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए आने-जाने वाले जातरुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें भोजन एवं विश्राम की सुविधा मिल सके, इसी उद्देश्य से हर वर्ष राम रसोड़े का आयोजन किया जाता है। आयोजन में विभिन्न समाजों के लोगों ने सेवा कार्य में सहयोग देकर आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया।




