PALI SIROHI ONLINE
आरक्षण आवंटन के बाद पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज, मतदाता सूचियों को लेकर ग्रामीणों से अपील
पाली, 26 सितम्बर। पंचायती राज आम चुनाव 2026 को लेकर आरक्षण आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रशासन ने चुनावी तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। पाली पंचायत क्षेत्र की 24 ग्राम पंचायतों में प्रधान, सरपंच, वार्ड पंच एवं पंचायत समिति सदस्यों के विभिन्न पदों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से आरक्षण आवंटन किया गया। आरक्षण प्रक्रिया पूर्ण होने के साथ ही निर्वाचन संबंधी आवश्यक कार्यवाही को आगे बढ़ाया जा रहा है।
निर्वाचक रजिस्टीकरण अधिकारी (पंचायत) एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि पंचायती राज आम चुनाव को लेकर पाली क्षेत्र की 24 ग्राम पंचायतों में विभिन्न पदों के लिए आरक्षण आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपादित करवाई गई है। अब निर्वाचन से संबंधित तैयारियों एवं मतदाता सूचियों को अद्यतन करने का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है।
18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवा मतदाता सूची में जुड़वाएं नाम -एसडीएम राणावत ने पाली पंचायत क्षेत्र के अधीनस्थ 24 ग्राम पंचायतों में निवासरत ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज है या नहीं, इसकी जांच अवश्य करें।
उन्होंने कहा कि ऐसे युवा, जिन्होंने 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, वे भी मतदाता सूची में अपना नाम आवश्यक रूप से पंजीकृत करवाएं, ताकि पात्र मतदाता आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
दोहरी प्रविष्टि व मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटवाएं -ई.आर.ओ ने बताया कि मतदाता सूचियों को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए ग्रामीणों की सहभागिता भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता की दोहरी प्रविष्टि हो गई है अथवा किसी मतदाता की मृत्यु हो चुकी है या वह स्थायी रूप से अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो चुका है, तो संबंधित जानकारी प्रशासन एवं बीएलओ को उपलब्ध करवाकर ऐसे नाम मतदाता सूची से विलोपित करवाए जाएं।
निर्वाचन संबंधी तैयारियों के दौरान सुरेश कुमार व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, रमेश कुमार अणकिया, लोकेश कुमार दवे, जयगिरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




