PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-भीनमाल में एएनटीएफ टीम ने कार्रवाई की है। टीम ने जुंजाणी बस स्टैंड के पास से 63.600 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मध्यप्रदेश के नीमच जिले के बघाना निवासी 25 वर्षीय शुभम मारू पुत्र गोवर्धन लाल मारू के रूप में हुई है।
एएनटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि जुंजाणी बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति चार प्लास्टिक के कट्टों के साथ खड़ा है। इनकट्टों में अवैध मादक पदार्थ होने की आशंका थी। सूचना की पुष्टि के बाद टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को कट्टों सहित पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम शुभम मारू बताया। कट्टों के बारे में संतोषजनक जवाब न मिलने पर स्थानीय पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने आरोपी और उसके कट्टों की तलाशी ली, जिसमें डोडा पोस्त मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
3-4 महीने से डोडा पोस्त की तस्करी कर रहा था
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एमए इंग्लिश लिटरेचर का छात्र है। वह पिछले 3-4 महीने से डोडा पोस्त की तस्करी कर रहा था। शुरुआत में वह अपने एक साथी तस्कर के साथ मारवाड़ क्षेत्र में डोडा पोस्त सप्लाई करने आता था। बाद में उसने खुद मध्यप्रदेश से डोडा पोस्त खरीदकर मारवाड़ क्षेत्र में बेचना शुरू कर दिया।
आरोपी मध्यप्रदेश से करीब 2,000 रुपए प्रति किलो के हिसाब से डोडा पोस्त खरीदता था। मारवाड़ क्षेत्र में वह इसे 3,000 से 3,500 रुपए प्रति किलो में बेचता था। इस तरह उसे हर किलो पर 1,000 से 1,500 रुपए का मुनाफा होता था। आरोपी ने बताया कि वह मंदसौर क्षेत्र के तस्करों से डोडा पोस्त खरीदता था और मारवाड़ क्षेत्र के स्थानीय तस्करों को सप्लाई करता था।


