PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में आज उप महापौर का चुनाव होगा। नगर निगम में उप महापौर पद के लिए मंगलवार को चुनाव प्रक्रिया होगी। चुनाव को लेकर 6 प्रत्याशियों ने नामांकन फॉर्म लिए हैं। इनमें विक्रमपाल सिंह, जोगेंद्र सिंह, मेहबूब टी, रशीदा बानो, कांतिलाल वैष्णव और रईस अली शामिल हैं। बीजेपी ने विक्रमपाल सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं कांग्रेस की ओर से मेहबूब टी के भी फॉर्म लेने के बाद मुकाबले की स्थिति पर नजर रहेगी।
नामांकन के बाद होगी जांच, फिर नाम वापसी
आज प्रत्याशी नामांकन फॉर्म भरकर जमा करवाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद अभ्यर्थियों को नाम वापस लेने का समय दिया जाएगा। इसके बाद यह साफ होगा कि चुनाव मैदान में कितने प्रत्याशी रहेंगे। एक से ज्यादा प्रत्याशी होने पर उप महापौर पद के लिए मतदान कराया जाएगा।
सोमवार को नमिता बुबकिया बनीं महापौर
पाली में सोमवार 21 सितंबर को महापौर का चुनाव हुआ था। इसमें बीजेपी ने उलटफेर करते हुए नमिता बुबकिया को महापौर बनाया। उन्हें 33 वोट मिले। कांग्रेस की सुमित्रा जैन को 3 और निर्दलीय राजबाला हिंगड़ को 29 वोट मिले थे। अब महापौर के बाद उप महापौर के चुनाव पर सभी की नजर है।
सुबह 10 से 11 बजे तक नामांकन
उप महापौर चुनाव के लिए सुबह 10 से 11 बजे तकनामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। सुबह 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 2 बजे तक अभ्यर्थी नाम वापस ले सकेंगे। अगर एक से ज्यादा प्रत्याशी मैदान में रहते हैं तो दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतगणना की जाएगी।


