PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड | शहर के निकट देलदर तहसील के निचलागढ़ की वेराफली में रविवार शाम मक्के की फसल में छिपे भालू ने दो किसानों पर हमला कर दिया। हमले में 75 वर्षीय किसान गंभीर घायल हो गया, जबकि दूसरे किसान को भी चोटें आईं। दोनों को उप जिला अस्पताल आबूरोड लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सिरोही रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार वेराफली निवासी भैरा पुत्र रूपा गरासिया (75) रविवार शाम खेत में मक्के की फसल में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान फसल में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। भालू ने उनके सिर, हाथ, मुंह औरआंख के आसपास पंजों से वार किए। सिर में गहरे घाव होने से वे मौके पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो भालू वहां से भागकर दूसरे खेत में घुस गया। दूसरे खेत में काम कर रहे गमा पुत्र सोमा गरासिया (40) पर भी भालू ने हमला कर दिया। उसके शरीर पर पंजों के वार से कई जगह चोटें आईं। इसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया।


