PALI SIROHI ONLINE
रानीवाड़ा-रानीवाड़ा में एटीएस ने रविवार को नशीली दवाइयों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान पालनपुर से भीनमाल ले जाई जा रही करीब 27 हजार नशीली गोलियां मिलीं। पुलिस के मुताबिक, इन दवाइयों के संबंध में जरूरी दस्तावेज और बिल नहीं थे। कार्रवाई में एक कार भी जब्त की गई है। पुलिस ने कार में सवार डॉक्टर समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई एटीएस के डीजीपी दिनेश एमएन के निर्देश परएटीएस प्रभारी बुधराम चौधरी के नेतृत्व में हुई। रविवार सुबह करीब नौ से दस बजे के बीच टीम ने पालनपुर से भीनमाल जा रही कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से दो बड़े कार्टून और एक कट्टे में भरकर रखी दवाइयां मिलीं।
रानीवाड़ा थानाधिकारी जीत सिंह ने बताया कि तलाशी में करीब 27 हजार नशीली टैबलेट मिली हैं। पुलिस के अनुसार, ये गोलियां बिना जरूरी दस्तावेजों के ले जाई जा रही थीं। इनके अलावा कुछ और दवाइयां भी मिली हैं, जिनके बिल और कागजात भी नहीं थे।
पुलिस ने इस मामले में पालनपुर के ध्यान हॉस्पिटल के डॉ. देवेंद्र चौधरी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। मिली दवाइयों को अपने कब्जे में लेकर उनकी जांच की जा रही है।
कार्रवाई की खबर मिलने पर जालोर से ड्रग इंस्पेक्टर पुष्पा सोलंकी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मिली दवाइयों की जांच की। दवाइयों के नाम, मात्रा, संख्या और उनकी श्रेणी की जानकारी जुटाई गई। थानाधिकारी जीत सिंह ने बताया कि बिना दस्तावेज के परिवहन की जा रही नशीली दवाएं बरामद कर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है और इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।

