PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली के ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र की जगदंबा कॉलोनी में मंगलवार अलसुबह चोर घर से करीब 30 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने और एक लाख रुपए कैश चोरी कर ले गए। चोरी के दौरान पूरा परिवार घर के बरामदे में सो रहा था। खटपट की आवाज सुनकर वृद्धा राधा देवी जाग गईं और चिल्लाईं, लेकिन तब तक चोर भाग गए। जाते समय चोर अपनी कैप घर में ही छोड़ गए। पीड़ित परिवार ने थाने में रिपोर्ट दी है।
संदूक से 20-25 तोला सोना और 7 किलो चांदी ले गए
जानकारी के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर की जगदंबा कॉलोनी में रहने वाले शिवराम पुत्र जीवाराम भाट के घर में चोरी हुई। परिवार के लोग घर के बरामदे में सो रहे थे। इस दौरान चोर कमरे में रखे संदूक से 20-25 तोला सोना, 7 किलो चांदी और एक लाख रुपए कैश चोरी कर ले गए।
पीड़ित राधा देवी ने बताया कि खटपट की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। उन्होंने चिल्लाकर परिवार को जगाने की कोशिश की, लेकिन चोर मौके से भाग गए। परिवार के लोग उठे, तब तक चोर फरार हो चुके थे।
कमरों में दरवाजे तक नहीं लगे
पीड़ित परिवार का मकान अभी अधूरा पड़ा है। कमरों में दरवाजे भी नहीं लगे हैं। ऐसे में चोर आसानी से घर में घुसे और कमरे में रखा संदूक खंगालकर गहने और रुपए चोरी कर ले गए। चोर जाते समय अपनी कैप भी वहीं छोड़ गए।
