
PALI SIROHI ONLINE
पिन्टु अग्रवाल चामुंडेरी/खीमाराम मेवाडा
जालोर में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत जालौर पहुंचकर कथावचक अभय दास जी का अनशन खुलवाया।महाराज की तीनों मांगा पर प्रशासन मान गया है। इसके बाद मंत्री जोराराम कुमावत ने महाराज को नारियल पानी पिलाकर अनशन खुलवाय है मंत्री जी के साथ महाराज बायोसा मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए।
पढ़े ऐसे चला दो दिन घटनाक्रम
जालोर-जालोर में अभयदास महाराज ने आज भी बायोसा मंदिर में दर्शन के लिए जाने का ऐलान किया है। कल मंदिर में दर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बाद महाराज जुलूस के साथ बायोसा मंदिर पहुंचे थे। इसके बाद पुलिस ने जुलूस रोका तो समर्थक पुलिस से भिड़ गए। गिरफ्तारी से बचने के लिए महाराज कालका कॉलोनी के एक मकान की छत पर पहुंच गए। शुक्रवार रातभर वे छत पर रहे। समर्थक मकान को घेरे रहे। शनिवार सुबह उन्होंने फिर मंदिर दर्शन के लिए जाने का ऐलान किया। रात से लेकर सुबह तक बारिश में भी समर्थक और पुलिस डटे रहे।
अभयदास महाराज ने देर रात एक वीडियो जारी कर कहा-मैं शनिवार को फिर बायोसा माताजी मंदिर के दर्शन करने जाऊंगा। उन्होंने कलेक्टर, एसपी व डीएसपी को सस्पेंड करने की मांग की। इसके साथ ही मंदिर के पास से अतिक्रमण हटाने की मांग दोहराई। बता दें कि जालोर में श्रावणमासीय (11 जुलाई से 8 अगस्त) कथा करने के लिए तखतगढ़ धाम (पाली) से अभयदास महाराज जालोर में हैं।
माहौल न बिगड़े, इसलिए पुलिस ने दर्शन से रोका
अभयदास महाराज शुक्रवार शाम 5 बजे कथा स्थल भगतसिंह स्टेडियम से समर्थकों (बड़ी संख्या में महिलाएं) के साथ जालोर दुर्ग स्थित बायोसा माताजी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। पुलिस ने जुलूस की अनुमति नहीं दी थी। ऐसे में उन्हें स्टेडियम के गेट पर ही रोक दिया गया।
भीनमाल बाइपास के पास पुलिस से झड़प के दौरान जालोर एएसपी की गाड़ी का शीशा टूट गया। दो पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आईं। इस दौरान महाराज कथा के पंडाल के पीछे के गेट से भाग गए। इस दौरान महाराज को सभी रास्तों पर पुलिस ने घेर लिया। महाराज ने मीरा दातार बाइपास होते हुए कालका कॉलोनी स्थित जोगसिंह पुत्र छतरसिंह गुर्जर के घर में शरण ली।
अभयदास समर्थकों के साथ छत पर पहुंच गए। उन्हें गिरफ्तारी से बचाने के लिए समर्थकों ने मकान को घेर लिया। रात भर बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। वहीं भजन-कीर्तन हुआ। पुलिस भी मौजूद रही। महाराज ने आमरण अनशन की भी घोषणा की।
अभयदास ने लगाए पुलिस पर आरोप
अभयदास ने कहा- पुलिस ने समर्थकों को पुलिस ने डंडे मारे। मेरे कपड़े फाड़े। रात में एक वीडियो जारी कर ऐलान किया कि शनिवार को फिर बायोसा मंदिर जाऊंगा। पुलिस और प्रशासन अलर्ट है। मकान की छत पर तंबू में अभयदास मौजूद हैं। बाहर समर्थक भी जुटे हैं। बारिश के बावजूद समर्थक तिरपाल लेकर जुटे रहे।
इधर, पुलिस प्रशासन का दावा है कि 4-5 महिलाओं को ग्रुप में दर्शन की अनुमति दे दी थी। इसके बाद शाम 6.30 बजे देवनारायण तिराहे पर कुछ लोगों ने जाम लगा दिया। कुछ लोग सड़कों पर सो गए। देर शाम तिराहे पर लोगों ने टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान तीनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। हालांकि करीब रात 8.30 बजे रास्ताखोल दिया गया था।
एसपी ज्ञानचंद्र यादव ने कहा- अभयदास महाराज ने जुलूस के रूप में मंदिर दर्शन की परमिशन नहीं ली थी। हमने महिलाओं को बारी-बारी से दर्शन करवाए। जुलूस को रोका तो महाराज घर की छत पर बैठ गए। अतिक्रमण का मामला है तो इसकी शिकायत करते। उसकी प्रशासनिक स्तर पर जांच होगी।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर प्रदीप के. गावंडे और एसपी ज्ञानचंद्र यादव ने कथा पंडाल जाकरआयोजन समिति से बात की थी, लेकिन अभयदास महाराज बायोसा मंदिर में दर्शन के लिए अड़े हुए थे।
(खबर को कुछ देर में अपडेट किया जाएगा)


