PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही जिला अस्पताल में विदेश से डिग्री लेकर लौटे इंटर डॉक्टर पिछले 8 महीने से स्टाइपेंड के लिए मेडिकल कॉलेज के चक्कर लगा रहे हैं। इसी को लेकर गुरुवार को उन्होंने अतिरिक्त कलेक्टर और मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल को ज्ञापन सौंपा।
राजस्थान फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएशन सोसायटी के बैनर तले इन इंटर डॉक्टरों ने अतिरिक्त कलेक्टर और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को ज्ञापन दिया। इसमें उन्होंने पिछले 8 महीने से रुके हुए स्टाइपेंड का जल्द भुगतान करने की मांग की।
इन डॉक्टरों का कहना है कि उनकी ड्यूटी सुबह, दोपहर, शाम के अलावा रात में भी लगी रहती है। वे मरीजों की सेवा में कोई कमी नहीं आने देते और आज तक किसी को शिकायत का मौका भी नहीं मिला। इसके बावजूद उन्हें पिछले 8 महीने से स्टाइपेंड का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि दूसरे राज्यों में काम कर रहे इंटर डॉक्टरों को स्टाइपेंड मिल चुका है।
अतिरिक्त कलेक्टर ने उनकी पूरी बात ध्यान से सुनी। उन्होंने जल्द भुगतान करवाने के लिए उनकी समस्या संबंधित विभाग के अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। एडीएम से मिलने के बाद सभी डॉक्टर संतुष्ट होकर अस्पताल लौट गए।


