PALI SIROHI ONLINE
आहोर-आहोर में खालसा बस स्टैंड के पास बुधवार देर शाम एक बस बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। यह बस सांडेराव जाने वाले रास्ते पर थी। इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई।
हादसे की वजह अंधेरा और डिवाइडर पर पर्याप्त सांकेतिक बोर्ड का न होना माना जा रहा है। यह बस आहोर नगरपालिका चुनाव की ड्यूटी में लगी थी।
चुनाव ड्यूटी पूरी करने के बाद बस कर्मचारियों को उनके ठिकानों पर छोड़कर अपने गांव लौट रही थी। तभी खालसा बस स्टैंड के पास यह डिवाइडर से टकराकर पलट गई। थाना प्रभारी करण सिंह ने बताया कि बस चालक हरजी निवासी देवाराम मीणा है। यह बस मयूर अग्रवाल कंपनी की है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस जगह पर पहले भी हादसे हुए हैं। उनका कहना है कि रास्ते में डिवाइडर और दूसरी बाधाओं के लिए पर्याप्त बोर्ड नहीं होने से खासकर रात में वाहन चालकों को दिक्कत होती है।


