PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही में जनगणना का काम करने वाले प्रगणकों और सुपरवाइजरों को अभी तक मानदेय नहीं मिला है। इसके जल्द भुगतान की मांग को लेकर वरिष्ठ कर्मचारी नेता गोपाल सिंह राव पोसालिया ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश गोयल और जिला सांख्यिकी अधिकारी सीयाराम मीणा से मुलाकात की।
राव ने अधिकारियों को बताया कि मानदेय नहीं मिलने से कर्मचारियों में गुस्सा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान केज्यादातर जिलों में जनगणना के पहले चरण का मानदेय मिल चुका है, लेकिन सिरोही में बड़ी संख्या में कर्मचारी अभी भी अपने पैसे का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे जरूरी राष्ट्रीय काम में सेवा देने के बाद भी समय पर मानदेय न मिलना ठीक नहीं है। राव ने आरोप लगाया कि चार्ज अधिकारियों की ढीली कार्यशैली के कारण भुगतान में देरी हो रही है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।
उन्होंने जिला प्रशासन से इस मामले में दखल देकर तुरंत भुगतान करवाने की मांग की। इस पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश गोयल ने बताया कि जिले की तीन तहसीलों के मानदेय भुगतान की प्रक्रिया चल रही है। जिला सांख्यिकी अधिकारी सीयाराम मीणा ने भरोसा दिलाया कि 10 दिनों के अंदर सभी योग्य प्रगणकों और सुपरवाइजरों को उनका मानदेय मिल जाएगा।
राव ने अधिकारियों से कहा कि तय समय में सभी कर्मचारियों का भुगतान हो, ताकि जनगणना में काम करने वाले लोगों को आर्थिक दिक्कत न हो। इस दौरान आनंद देवड़ा, शिवानी राठौड़ समेत कई अन्य प्रगणक और जनगणना से जुड़े कर्मचारी मौजूद थे।


