PALI SIROHI ONLINE
तीन दिन बाद मां से मिला नवजात नीलगाय का बच्चा, गोपेश्वर महादेव मंदिर परिसर में हुआ ममतामयी मिलन
————————————
बड़गांव, तहसील शिवगंज। बड़गांव के देवली रोड स्थित गोपेश्वर महादेव मंदिर परिसर में झाड़ियों के बीच मिले नवजात नीलगाय के बच्चे को आखिरकार तीन दिन के अथक प्रयासों के बाद उसकी मां से मिलवाने में सफलता मिली। मां और बच्चे के मिलन का यह भावुक पल वन्यजीव प्रेमियों के लिए खुशी का विषय बना।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व रात्रि करीब 8 बजे अयोध्यादास जी महाराज गोपेश्वर महादेव मंदिर परिसर में टहल रहे थे। इसी दौरान उन्हें झाड़ियों में से कुछ आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखने पर वहां नवजात नीलगाय का बच्चा मिला। उन्होंने इसकी सूचना स्नेक लवर अशोक सोनी को दी।
सूचना मिलते ही अशोक सोनी, एनिमल हेल्प रेस्क्यू संस्थान के महिपाल रावल के साथ मौके पर पहुंचे और बच्चे का सुरक्षित रेस्क्यू किया। सोनी ने अयोध्यादास जी महाराज से आग्रह किया कि बच्चे को रात में मंदिर परिसर की कुटिया में सुरक्षित रखा जाए, ताकि उसकी आवाज सुनकर मां आसपास आए तो बच्चे को उसके हवाले किया जा सके।
इसके बाद लगातार तीन दिन तक बच्चे की मां के आने का इंतजार किया गया। इस दौरान अयोध्यादास जी महाराज ने नवजात की पूरी देखभाल की और उसे निप्पल से दूध पिलाकर सुरक्षित रखा। साथ ही, आसपास उसकी मां को ढूंढने का प्रयास भी लगातार जारी रखा।
आखिरकार तीन दिन बाद मादा नीलगाय मंदिर परिसर में पहुंची। जैसे ही महाराज ने बच्चे को उसके पास छोड़ा, मां ने उसे पहचान लिया और स्तनपान कराया। इसके बाद वह अपने बच्चे को साथ लेकर वहां से रवाना हो गई।
इस भावुक मिलन की सूचना अयोध्यादास जी महाराज ने फोन पर स्नेक लवर अशोक सोनी को दी और खुशी व्यक्त की। तीन दिन तक नवजात की देखभाल करने वाले महाराज के प्रयासों तथा अशोक सोनी और एनिमल हेल्प रेस्क्यू संस्थान की तत्परता से यह मानवीय और सराहनीय कार्य सफल हो सका।



