PALI SIROHI ONLINE
कोटा। विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला कमरे में अचेत हालत में मिली थी। उसके गले पर निशान पाए जाने से पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस कीड़े के काटने से फैले संक्रमण और दूसरे एंगल से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतका धारणा शर्मा उर्फ नेहा (26) जयपुर की रहने वाली थी। करीब चार साल पहले उसकी विज्ञान नगर निवासी मनोज तिवाड़ी से सगाई हुई थी। बाद में दोनों परिवारों में मनमुटाव हो गया। परिजनों की नाराजगी के बावजूद दोनों ने वर्ष 2022 में लव मैरिज की थी। इसके बाद इसी वर्ष अप्रेल में दोनों ने परिवार की मौजूदगी में कोटा में शादी की। दोनों परिवार सहित विज्ञान नगर स्थित मकान में रह रहे थे।
चौथ का व्रत खोलने के बाद कमरे में गई
धारणा के धर्म भाई पुष्पेंद्र के अनुसार 31 अगस्त को नेहा ने चौथ का व्रत रखा था। रात करीब सवा दस बजे व्रत खोला। दो दिन पहले उसे किसी कीड़े ने काट लिया था। पैर पर निशान बनने के बाद धीरे-धीरे शरीर के कई हिस्सों में फफोले निकल आए थे। हालत बिगड़ने पर उसी रात परिजन उसे डॉक्टर को दिखाने अस्पताल लेकर गए। अस्पताल से लौटने के बाद नेहा कपड़े बदलने के लिए कमरे में चली गई।करीब एक घंटे तक कमरे से बाहर नहीं आने पर मनोज ने जाकर देखा तो कमरे की अंदर से कुंडी लगी थी। किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे तो नेहा अचेत हालत में पड़ी थी। उसका आधा शरीर बेड पर था और उसने पतला कंबल ओढ़ रखा था। परिजन उसे तत्काल न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मेडिकल बोर्ड से कराया पोस्टमार्टम
सीआइ रामलक्ष्मण गुर्जर ने बताया कि पीहर पक्ष से संपर्क कर उन्हें कोटा आने के लिए कहा गया था, लेकिन पीहर पक्ष का कोई सदस्य नहीं पहुंचा। इसके बाद लाडपुरा तहसीदार की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया गया है। पुलिस के अनुसार महिला के गले पर निशान मिले हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि महिला की मौत कीड़े के काटने से फैले संक्रमण के कारण हुई या फिर कोई और वजह है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


