PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड-आबू रोड में बुधवार शाम ब्राह्मण समाज ने नगर पालिका चुनाव में उपेक्षा का आरोप लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने भाजपा जिला अध्यक्ष रक्षाबंधन सिंह और कांग्रेस जिला अध्यक्ष नीलम गरासिया के पुतले फूंके।
यह विरोध परशुराम भवन में हुई एक बैठक के बाद हुआ। बैठक में समाज के लोगों ने दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों पर समाज को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं देने पर नाराजगी जताई।
बैठक के दौरान तहसीलदार समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने चुनाव आचार संहिता और चुनाव प्रक्रिया का हवाला देते हुए समाज के लोगों से पुतला दहन कार्यक्रम दो दिन बाद करने का निवेदन किया।
अधिकारियों के समझाने पर कुछ लोग मान भी गए, लेकिन बाद में सर्वसम्मति से उसी दिन विरोध प्रदर्शन करने का फैसला लिया गया। इसके बाद समाज के लोगों ने धर्मशाला परिसर में दोनों जिला अध्यक्षों के पुतले दहन कर अपना विरोध जताया।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि नगर पालिका चुनाव में ब्राह्मण समाज की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे समाज में काफी नाराजगी है। इस विरोध प्रदर्शन में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा।


