PALI SIROHI ONLINE
हरिद्वार-ऋषिकेश-अयोध्या-वाराणसी-सारनाथ तीर्थ यात्रा के लिए 360 वरिष्ठ नागरिक होंगे रवाना
पाली 2 सितम्बर। देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत हरिद्वार-ऋषिकेश-अयोध्या-वाराणसी-सारनाथ-पाली-खातीपुरा (जयपुर) तीर्थ यात्रा के लिए 360 चयनित वरिष्ठ नागरिक 3 सितम्बर को रवाना होंगे। विभाग की योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को निर्धारित तीर्थ स्थलों की यात्रा निःशुल्क कराई जा रही है।
सहायक आयुक्त देवस्थान विभाग जोधपुर ओम प्रकाश पालीवाल ने बताया कि यात्रा के लिए विशेष रेलगाड़ी 3 सितम्बर को दोपहर 12:30 बजे जयपुर के जगतपुरा रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यात्रा में जगतपुरा से 87 तथा पाली रेलवे स्टेशन से 273 यात्रियों सहित कुल 360 यात्री शामिल होंगे। पाली से चयनित यात्रियों को ट्रेन में सवार कराया जाएगा। यात्रियों को पाली रेलवे स्टेशन पर प्रातः 8 बजे से आवश्यक दस्तावेजों के साथ रिपोर्ट करना होगा।
यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की देखरेख के लिए एक राजपत्रित अधिकारी ट्रेन प्रभारी के रूप में तथा प्रत्येक कोच में दो सरकारी कर्मचारी अनुरक्षक के रूप में तैनात रहेंगे। यात्रियों के स्वास्थ्य की निगरानी के लिए ट्रेन में एक चिकित्सक एवं दो नर्सिंग कर्मचारी भी उपलब्ध रहेंगे।
यात्रा के दौरान आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
देवस्थान विभाग के अनुसार लॉटरी के माध्यम से चयनित वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा के दौरान दूरभाष एवं एसएमएस के माध्यम से प्राप्त यात्रा संदेश की प्रति, ऑनलाइन भरे गए आवेदन-पत्र की हार्ड कॉपी, मूल जनआधार/आधार कार्ड/पैन कार्ड तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे। छह माह से अधिक पुराना न हो, ऐसा चिकित्सा प्रमाण-पत्र भी आवश्यक होगा।
यात्रियों को दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री, आवश्यक दवाइयां, व्यक्तिगत जरूरत का सामान, नकदी एवं कपड़े साथ लाने की सलाह दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना दूरभाष संदेश प्राप्त किए कोई यात्री रेलवे स्टेशन पर नहीं पहुंचे।
यात्रा पूर्णतः निःशुल्क
देवस्थान विभाग द्वारा यात्रियों के लिए ट्रेन में 6 दिन तक आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। इन सभी व्यवस्थाओं का व्यय देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। अतः चयनित यात्रियों के लिए यह तीर्थ यात्रा पूर्णतः निःशुल्क रहेगी।


