PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर के बोरानाड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक फैक्ट्री की दीवार ढह गई। दीवार के मलबे में करीब 13 श्रमिक दब गए। जिनमें से तीन श्रमिकों की मौत हो गई। अन्य श्रमिकों को मलबे से निकालकर एमडीएम हॉस्पिटल भिजवाया गया है। जहां उनका उपचार जारी है। इधर, दो श्रमिकों के शव को एम्स हॉस्पिटल की मोर्चरी और एक श्रमिक का शव एमडीएम की मोर्चरी में रखवाया गया है। बताया जा रहा है सभी मजदूर कोटा व मध्यप्रदेश के रहने वाले है।
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात से जोधपुर में बारिश का दौर चल रहा है। ऐसे में बोरानाड़ा थाना क्षेत्र के सालावास रोड पर महालक्ष्मी टिम्बर नाम से संचालित होने वाली एक फैक्ट्री की दीवार सुबह चार बजे अचानक से ढह गई। दीवार के पास दूसरी फैक्ट्री के श्रमिक खड़े थे। इनमें से 13 श्रमिक मलबे के नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस व अन्य लोग भी मदद के लिए मौके पर पहुंच गए और श्रमिकों को मलबे से बाहर निकाला गया। हादसे में तीन श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य घायल श्रमिकों का एम्स हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है। इनमें से एक श्रमिक की हालत गंभीर बनी हुई है।