PALI SIROHI ONLINE
जालोर-एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की सूचना पर सांचौर थाना क्षेत्र के धमाणा गांव में पुलिस ने एक मकान पर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान कमरे में रखी अलमारी से 301 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मामले में धमाणा निवासी देवीलाल (47) पुत्र सुजाराम को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
घर में अफीम छिपाकर रखने की मिली थी सूचना
एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि देवीलाल अपने रिहायशी मकान में अवैध अफीम छिपाकर रखता है और उसकी खरीद-फरोख्त करता है। सूचना की पुष्टि के बाद एएनटीएफ टीम ने आरोपी को उसके घर से दस्तयाब किया और सांचौर पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया।
अलमारी की तलाशी में मिली अफीम
पुलिस के पहुंचने के बाद मकान की तलाशी ली गई। इस दौरान एक कमरे में रखी अलमारी की जांच करने पर उसमें अवैध अफीम मिली। वजन करने पर अफीम की मात्रा 301 ग्राम पाई गई। पुलिस ने अफीम जब्त कर देवीलाल को गिरफ्तार कर लिया।
एएनटीएफ और सांचौर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
कार्रवाई में एएनटीएफ टीम के साथ सांचौर पुलिस की भी विशेष भूमिका रही। एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने कार्रवाई में शामिल टीम की सराहना की। उन्होंने बताया कि बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को विशेष कार्यक्रम के दौरान एएनटीएफ मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा।
सूचना देने वाले की पहचान रखी जाएगी गोपनीय
एएनटीएफ ने आमजन से मादक पदार्थों की तस्करी और अपराधियों से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है। ऐसी सूचना एएनटीएफ नियंत्रण कक्ष नंबर 0141-2502877 और वाट्सऐप नंबर 9261225056 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


