PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड-आबूरोड क्षेत्र के भक्योरजी बांध में शनिवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिला। सूचना पर गिरवर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान भक्योरजी की उपली फली निवासी 60 वर्षीय सोमाराम पुत्र भीखाराम गरासिया के रूप में हुई है। मृतक के भतीजे हिंदू पुत्र धनाराम ने मौके परपहुंचकर शव की पहचान की।
शुक्रवार को घर से निकले थे
गिरवर चौकी इंचार्ज भगवत सिंह ने बताया कि सोमाराम शुक्रवार को घर से निकले थे। इसके बाद वे रात को वापस नहीं लौटे। शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण शौच के लिए बांध की ओर गए थे। इसी दौरान उन्हें पानी में एक शव तैरता दिखाई दिया।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बांध से बाहर निकलवाया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है। पुलिस फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है।

