PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने सायला और आहोर थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सायला पुलिस ने सुनसान रास्ते पर महिला से छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं आहोर पुलिस ने मंदिरों में नकबजनी के मामले में दो आरोपियों को पकड़ा है।
महिला से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार
सायला थाना क्षेत्र के विराणा में 21 अगस्त को मनरेगा कार्य से घर लौट रही महिला के साथ सुनसान रास्ते पर मारपीट, कपड़े फाड़ने और लज्जा भंग करने की घटना सामने आई थी। पीड़िता के पर्चा बयान पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने अनुसंधान और सूचना संकलन के आधार पर ककाड़ी नाड़ी निवासी देवीसिंह पुत्र सुर सिंह दहिया राजपूत को नामजद कर गिरफ्तार किया। कार्रवाई थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में रूपाराम एसआई और दिनेश कुमार कांस्टेबल ने की।
मंदिरों में चोरी करने वाली गैंग का खुलासा
आहोर थाना क्षेत्र के सेदरिया बालोतान में 22 अगस्त की रात भगवान आदेश्वर जैन मंदिर और सारणेश्वर महादेव मंदिर में ताले तोड़कर चोरी के प्रयास व आभूषण चोरी की वारदात हुई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और आसूचना के आधार पर गमेती गरासिया गैंग के संदिग्ध रमेश कुमार और हुसाराम को पकड़ा।
पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों लीलाराम और बेदाराम के साथ वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिन में नदी क्षेत्र में लकड़ी से कोयला बनाने का काम करते थेऔर रात में सुनसान मंदिरों और बंद मकानों की रैकी कर ताले तोड़कर चोरी करते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने सेदरिया बालोतान सहित अन्य स्थानों पर मंदिरों से चोरी, दो मोटरसाइकिल चोरी तथा सिरोही जिले के रोवाड़ा स्कूल और नया जोयला में चोरी की वारदातें भी स्वीकार की हैं। पुलिस अन्य वारदातों के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

