PALI SIROHI ONLINE
माउंट आबू-माउंट आबू के नक्की लेक पर बुधवार दोपहर करीब 3 बजे एक युवक को अज्ञात व्यक्ति ने गोली मार दी। गोली पीठ के निचले हिस्से में लगी। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।
घायल की पहचान अधर देवी निवासी मनोज मकवाना (36) पुत्र मोहन लाल मकवाना के रूप में हुई है। मनोज नक्की लेक घूमने गए थे और उनके साथ एक छोटा बच्चा भी था।वाटर बलून के पास अचानक चली गोली
थानाधिकारी दलपत सिंह राठौड़ के अनुसार मनोज नक्की लेक घूमने गए थे। इसी दौरान नक्की लेक के वाटर बलून के पास अचानक गोली चलने की घटना हुई। गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया।
प्राथमिक इलाज के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर
गोलीकांड की सूचना मिलते ही थानाधिकारी दलपत सिंह राठौड़ पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।घायल मनोज को तत्काल स्थानीय ग्लोबल अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक इलाज दिया गया। इसके बाद आगे की जांच और इलाज के लिए उन्हें आबू रोड स्थित ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। वहां सीटी स्कैन सहित अन्य आवश्यक जांच की जाएगी।
डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल घायल खतरे से बाहर बताया जा रहा है। हालांकि, डॉक्टर से विस्तृत जानकारी उनके ओटी से बाहर आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
सीसीटीवी की मदद से सुराग तलाश रही पुलिस
पुलिस ने घटना के बाद क्षेत्र में नाकाबंदी कर अज्ञात हमलावर की तलाश शुरू कर दी है।
नक्की झील की जेटी पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन इन कैमरों की लोकेशन वाटर बलून वाले स्थान से काफी दूर बताई जा रही है। ये कैमरे मुख्य रूप से झील में चल रही बोट्स पर नजर रखने के लिए लगाए गए हैं।
ऐसे में पुलिस अन्य संभावित सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी जुटा रही है।
पुराने विवाद समेत अन्य पहलुओं की जांच
पुलिस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पुराने विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखा जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस आरोपी की पहचान कर उसे जल्द हिरासत में लेने के प्रयास कर रही है।


