PALI SIROHI ONLINE
सांचौर-भीनमाल से चोरी हुई एक यात्री बस बुधवार सुबह सांचौर में पकड़ ली गई। चोरी के बाद एक युवक बस को सांचौर ले आया और उसमें रखे पार्सल बेचने का प्रयास कर रहा था। स्थानीय लोगों के संदेह होने पर उन्होंने युवक को घेरा, जिसके बाद आरोपी बस छोड़कर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बस में रखे पार्सलों को दुकानों पर बेचने की कोशिश कर रहा था। बस भीनमाल क्षेत्र की होने के कारण स्थानीय लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने युवक कोरोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान बस चोरी का मामला सामने आया।
सूचना मिलने पर सांचौर पुलिस मौके पर पहुंची। सांचौर में रहने वाले बस मालिक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और बस की पहचान भीनमाल निवासी साबिर भाई की यात्री बस के रूप में की। इसके बाद बस मालिक को घटना की जानकारी दी गई।
बस मालिक के अनुसार, बस के अंदर बड़ी संख्या में अलग-अलग पार्सल रखे हुए थे। प्रारंभिक जांच में कुछ पार्सल गायब होने या आरोपी द्वारा उन्हें दुकानों पर बेचने की आशंका जताई जा रही है। सामान का पूरा मिलान करने के बाद बस मालिक द्वारा पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
इस घटना के बाद पूर्व विधायक पूराराम चौधरी के पुराने बयान को लेकर भी इलाके में चर्चा शुरू हो गई है। उन्होंने सांचौर में नशे और अपराध की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि यहां बाइक लेकर जाने पर वह चोरी हो सकती है। अब स्थानीय लोग तंज कसते हुए कह रहे हैं कि यहां तो युवक पूरी बस ही भीनमाल से उठाकर सांचौर ले आया।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक बस में रखे पार्सल दुकानों पर बेचने की कोशिश करता दिख रहा है। स्थानीय लोगों का दावा है कि युवक नशे की हालत मेंलग रहा था। हालांकि, युवक की वास्तविक स्थिति और चोरी की घटना में उसकी भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


