PALI SIROHI ONLINE
सार्वजनिक स्थान पर धारदार छुरा लेकर घूम रहा युवक हिरासत में
बाली। उपखंड के नाना थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान व आबादी क्षेत्र में खुलेआम धारदार छुरा लेकर घूमने की सूचना पर नाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया। पुलिस की तत्परता से मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखी गई।
नाना थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा ने बताया कि नाना गांव के निकट स्थित रामपुरा भील बस्ती में एक युवक के धारदार हथियार लेकर खुलेआम घूमने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक आसाराम बिश्नोई मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और युवक को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए युवक की पहचान अमराराम निवासी भील बस्ती रामपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने धारदार छुरी के संबंध में युवक से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में पुलिस द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।


