PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-भीनमाल में राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सार्वजनिक निर्माण विभाग ने बजट घोषणा के तहत 5 हजार से अधिक आबादी वाले गांवों में अटल प्रगति पथ निर्माण के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है। इसके तहत भीनमाल विधानसभा क्षेत्र के 9 गांवों में कुल 11.80 किलोमीटर लंबी सड़कें विकसित की जाएंगी।
18 करोड़ रुपए तक की दी स्वीकृतिइन कार्यों के लिए कुल 18 करोड़ रुपए तक की स्वीकृति दी गई है। विभागीय स्वीकृति के अनुसार भीनमाल क्षेत्र के धानसा, जुंजाणी, पुनासा, दासपा, सेवड़ी, मोदरान, नरसाणा, तवाव और नांदिया गांवों को अटल प्रगति पथ योजना में शामिल किया गया है। प्रत्येक गांव में सड़क निर्माण के लिए अधिकतम 2 करोड़ रुपए की लागत निर्धारित की गई है।
9 गांवों में इतनी लंबी सड़क बनेगी
स्वीकृत कार्यों में धानसा में 1.50 किमी, जुंजाणी में 1 किमी, पुनासा में 1 किमी, दासपा में 1.80 किमी, सेवड़ी में 1.50 किमी, मोदरान में 1 किमी, नरसाणा में 1 किमी, तवाव में 1.50 किमी और नांदिया में 1.50 किमी लंबाई का अटल प्रगति पथ बनाया जाएगा। इस तरह सभी नौ कार्यों की कुल लंबाई 11.80 किलोमीटर होगी।
ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
अटल प्रगति पथ के निर्माण से इन गांवों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। ग्रामीणों को गांव के प्रमुख मार्गों से बेहतर संपर्क मिलेगा। साथ ही दैनिक आवागमन, कृषि कार्य और अन्य आवश्यक गतिविधियों में सुविधा होगी। सड़क विकास से गांवों में आधारभूत ढांचे को भी मजबूती मिलेगी।
भीनमाल विधानसभा के नौ गांवों को एक साथ योजनामें शामिल किए जाने से क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क कनेक्टिविटी को नई गति मिलने की उम्मीद है।


