PALI SIROHI ONLINE
नगराज वैष्णव
सोमेसर, पाली-सोमेसर के सोनाई मांझी गांव के पास पाली-नाडोल मेगा हाईवे पर सोमवार शाम करीब 7 बजे एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बूसी निवासी हरीश कुमार (40) गंभीर रूप से घायल हो गया।बाइक क्षतिग्रस्त, कार का अगला हिस्सा भी टूटा
जानकारी के अनुसार- हरीश कुमार पुत्र भंवरलाल मीणा पाली से बूसी की ओर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरीश कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए। बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार का अगला हिस्सा भी टूट गया।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायल हरीश कुमार को उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया। उनके सिर में गंभीर चोट आई है, जिस पर अस्पताल में टांके लगाए गए हैं। हरीश कुमार एक अस्पताल में कंपाउंडर के पद पर कार्यरत हैं।
दोनों वाहनों को रास्ते से हटाया
हादसे की सूचना मिलने पर सदर थाने के एएसआई श्रवण सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

