PALI SIROHI ONLINE
बाली उपखंड के नाना थाना क्षेत्र की बेड़ा पुलिस चौकी में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के साथ मनाने को लेकर सीएलजी बैठक आयोजित हुई। बैठक थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा की अध्यक्षता में हुई। इसमें ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समाजों के लोगों ने भाग लिया।
बेड़ा चौकी प्रभारी तेज सिंह जोधा ने बताया कि बैठक में थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा ने ग्रामीणों से आगामी त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे, शांति और सद्भावना के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने नशे से दूर रहने और लोगों में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
बैठक में साइबर फ्रॉड से बचाव को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। थाना अधिकारी ने कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा करने से बचें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की बात कही गई।
थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा ने सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर भी लोगों को सावधानी बरतने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ, अश्लील, झूठी या मनगढ़ंत सामग्री वायरल करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सोशल मीडिया पर आने वाली किसी भी आपत्तिजनक पोस्ट को बिना उसकी सत्यता जांचे आगे शेयर न करें।
बैठक में बेड़ा चौकी प्रभारी तेज सिंह जोधा सहित चौकी स्टाफ एवं ग्रामीण जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें उप प्रधान महावीर सिंह चौहान, बरकत अली, राजू माली, सलीम भाई, मूल सिंह, मदन सिंह, दिनेश माली, अहमद खान सहित विभिन्न समाजों के ग्रामीण शामिल रहे। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र से जुड़ी समस्याएं भी रखीं।


