PALI SIROHI ONLINE
मोदरान, जालोर-मोदरान-बासड़ा धनजी मार्ग पर रविवार देर रात सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मोदरान पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई पदम सिंह महेशा अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
एएसआई पदम सिंह महेशा ने गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल गाड़ी से भीनमाल के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई पदम सिंह महेशा ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसा रात लगभग 9 बजे के आसपास हुआ। मृतक की पहचान बासड़ा धनजी निवासी 50 वर्षीय अम्बाराम पुत्र जवाराम मेघवाल के रूप में हुई है। अम्बाराम अपनी मोटरसाइकिल पर मोदरान से अपने गांव बासड़ा धनजी लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई।
पुलिस ने शव को भीनमाल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।

