PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-चित्तौड़गढ़ के एक व्यापारी से 2 करोड़ 45 लाख रुपए की ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कुख्यात ‘लेडी डॉन’ और जोधपुर के बोरानाडा थाने की हिस्ट्रीशीटर सुमता बिश्नोई तथा उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि इस हाई-प्रोफाइल मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान हाईकोर्ट भी लगातार इसकी मॉनिटरिंगकर रहा था। थाने में मामला दर्ज होने के बाद से ही सुमता बिश्नोई फरार चल रही थी। पुलिस को उसके अपने घर आने की गुप्त सूचना मिली थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दबिश दी और उसे दबोच लिया।
बोरानाडा एसीपी (ACP) नरेंद्र कुमार पारीक ने बताया-चित्तौड़गढ़ के व्यापारी ने सुमता के खिलाफ धोखाधड़ी और करोड़ों की ठगी का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुमता बिश्नोई के साथ-साथ उसके 2 बेटों- विनोद बिश्नोई और मनीष बिश्नोई को भी गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।


