PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
आरयूआईडीपी के पंचम चरण के कार्यों को लेकर ‘आरयूआईडीपी संवाद’ आयोजित
सुमेरपुर में 23.14 करोड़ रुपये के अपशिष्ट जल प्रबंधन कार्यों पर जनप्रतिनिधियों एवं हितधारकों से हुआ संवाद*
तखतगढ 8 अगस्त (खीमाराम मेवाडा) राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पंचम चरण के तहत सुमेरपुर शहर में प्रस्तावित 23.14 करोड़ रुपये के कार्यों को लेकर शनिवार को नगरपालिका सभागार में ‘आरयूआईडीपी संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों के साथ परियोजना के संबंध में चर्चा की गई तथा उनके सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए गए।
कार्यक्रम में पंचम चरण के तहत सुमेरपुर शहर में प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि इस चरण में लगभग 23.14 करोड़ रुपये की राशि से शहर में अपशिष्ट जल प्रबंधन से संबंधित कार्य किए जाएंगे। परियोजना के माध्यम से शहरी आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने एवं नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने आरयूआईडीपी के प्रस्तावित कार्यों को सुमेरपुर शहर के लिए महत्वपूर्ण एवं उपयोगी बताते हुए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि परियोजना की सफलता के लिए आरयूआईडीपी, नगर निकाय एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने नगर निकाय, पार्षदों एवं शहरवासियों की ओर से परियोजना के सफल क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं हितधारकों से परियोजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा इसके क्रियान्वयन में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परियोजना का लाभ आमजन को शीघ्र उपलब्ध हो, इसके लिए कार्यों की प्रभावी प्लानिंग एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
आरयूआईडीपी के अधिशाषी अभियंता प्रशान्त टाटू ने प्रजेंटेशन के माध्यम से सुमेरपुर शहर में पंचम चरण के तहत प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परियोजना के कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किए जाएंगे। साथ ही संवाद कार्यक्रम के दौरान प्राप्त रचनात्मक सुझावों को परियोजना के क्रियान्वयन में यथासंभव शामिल किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान आरयूआईडीपी द्वारा किए जा रहे कार्यों पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन भी किया गया। खुले सत्र में प्रतिभागियों ने अपशिष्ट जल प्रबंधन से संबंधित कार्यों को लेकर विभिन्न जिज्ञासाएं रखीं, जिनका अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी श्री कालूराम कुम्हार, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका, जनप्रतिनिधि, पूर्व पार्षद, प्रबुद्धजन, विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिलाएं, मीडिया प्रतिनिधि, परियोजना से जुड़े अधिकारी एवं आमजन सहित अन्य हितधारकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आरयूआईडीपी एवं स्थानीय निकाय के बीच समन्वय तथा आमजन की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया।

