PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-बरलूट थाना पुलिस ने 3 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी को एफआईआर दर्ज होने के 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 लाख 30 हजार रुपये बरामद किए हैं। शेष राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार कालंद्री थाना क्षेत्र के नवाड़ा निवासी रतीलाल मेघवाल ने 6 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि जावाल निवासी अरविंद सिंह ने दोस्ती का भरोसा दिलाकर सोना गिरवी रखकर रुपये लेनेकी बात कही और कैलाशनगर रोड पर बुलाया। आरोपी ने दावा किया कि वह घर से सोना और दस्तावेज लेकर आ रहा है। इस पर रतीलाल ने अपने भाई से उधार, बैंक से निकाली रकम और नकदी मिलाकर 3 लाख रुपये दे दिए। रुपये लेने के बाद आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह चौहान और वृत्ताधिकारी मुकेश चौधरी के सुपरविजन में थानाधिकारी कैलाशदान बारठ के नेतृत्व में टीम ने साइबर सेल की मदद से दबिश देकर गिरफ्तारी की। थानाधिकारी कैलाशदान बारठ ने बताया कि आरोपी और पीड़ित की पहले से पहचान थी। जांच में आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ इस मामले सहित करीब 7 से 8 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी शेष 70 हजार रुपए के संबंध में लगातार बयान बदल रहा है। कभी वह राशि खर्च करने की बात कहता है तो कभी अलग-अलग जानकारी दे रहा है। पुलिस शेष राशि की बरामदगी के लिए अनुसंधान कर रही है।


