PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड-आबूरोड सदर थाना क्षेत्र में शादी कराने का झांसा देकर 5 लाख की ठगी व विवाह के 10 दिन बाद दुल्हन के फरार होने का मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित पक्ष ने कोर्ट में इस्तगासा पेश किया था। इसके बाद सदर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार टेलीफोन कॉलोनी निवासी भेराराम ने रिपोर्ट में बताया कि रिश्तेदार जेठाराम माली के पुत्र ईश्वरलाल का विवाह तय कराने के लिए उन्होंने मानपुर हाउसिंग बोर्ड निवासी गीता माली से संपर्क किया।
गीता माली ने उनकी बात गुजरात के डीसा तहसील स्थित जोधपुरिया ढाणी निवासी भंवरलाल परिहार से कराई। आरोप है कि भंवरलाल ने अपनी साली की बेटी जयश्रीबेन से विवाह कराने का भरोसा दिलाया। रिपोर्ट के मुताबिक आबूरोड के एक निजी होटल में मुलाकात के दौरान 2 लाख रुपये नकद लिए गए। इसके बाद मुदरला स्थित होटल कैंडल वुड में 3 लाख रुपये और लेने का आरोप है। विवाह के बाद दुल्हन को सोने के गहने पहनाए जाने की बात भी कही गई है। पीड़ित के अनुसार शादी के 10 दिन बाद जयश्रीबेन आधी रात को घर से फरार हो गई। पुलिस जांच कर रही है।
पीडित का आरोप है कि जब उन्होंने गीता, भंवरलाल औरपीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने गीता, भंवरलाल और अन्य आरोपियों से संपर्क किया तो वे टालमटोल करने लगे। बाद में जानकारी मिली कि आरोपी शादी का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य हैं और भोले-भाले लोगों को निशाना बनाते हैं। कोर्ट से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर सदर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 316 (2) और 61 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


