PALI SIROHI ONLINE
बागौड़ा (जालोर)-भीनमाल-सेवड़ी रोड पर शुक्रवार सुबह एक खेत से सड़क पर आई झटका वायर की चपेट में आने से बागोड़ा पंचायत समिति के एक एलडीसी (लोअर डिविजन क्लर्क) गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक अनियंत्रित होकर पलटने से उनके पैर में गंभीर चोट आई है।
यह घटना सेवड़ी के पास हनुमान मंदिर के नजदीक हुई। घायल एलडीसी की पहचान भीनमाल निवासी अरविंद कुमार के रूप में हुई है, जो बागोड़ा पंचायत समिति में कार्यरत हैं। वेसुबह अपनी ड्यूटी पर भीनमाल से बागोड़ा जा रहे थे।
यात्रा के दौरान, सड़क किनारे खेत में लगी झटका वायर अचानक सड़क पर आ गई और उनकी बाइक के पहिए में फंस गई। वायर फंसते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई, जिससे अरविंद कुमार गिरकर घायल हो गए।
हादसे में अरविंद कुमार के एक पैर में गंभीर चोट लगी है। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और तुरंत एक निजी वाहन से भीनमाल पहुंचाया। उन्हें वहां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
गनीमत रही कि हादसे के वक्त अरविंद कुमार ने हेलमेट पहन रखा था। हेलमेट की वजह से उनके सिर में कोई गंभीर चोट नहीं आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों ने सड़क तक पहुंची झटका वायर को हादसे की मुख्य वजह बताया है। खेत में फसलों को पशुओं से बचाने के लिए लगाई जाने वाली ये वायरें जब सड़क तक आ जाती हैं, तो वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा करती हैं। इस घटना के बाद ऐसी वायर्स को लेकर चिंता जताई गई है।

