PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही के पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने मंगलवार को जावाल स्थित नदी तट आश्रम पहुंचकर हठयोगी रामगिरि महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद लोढ़ा ने कार्यकर्ताओं और रामगिरीजी महाराज के साथ श्री चामुंडा नंदी गौशाला का निरीक्षण किया।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष शैतानसिंह रावणा ने गौशाला की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
गौशाला अध्यक्ष हिम्मत माली ने बताया कि लगभग ढाईकरोड़ रुपए की लागत से निर्मित इस चामुंडा नंदी गौशाला में नंदी और गौवंश की देखरेख के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। गौशाला में पशु एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध है, जो आपातकालीन चिकित्सा और घायल गौवंश को लाने-ले जाने में सहायक है। शहर से नियमित रूप से भोजन-रोटी एकत्र करने के लिए एक रोटी संग्रह टेम्पो भी संचालित होता है।
लोढ़ा ने व्यवस्थाओं को सराहा
इसके अलावा नंदी और गायों के रहने के लिए बड़े शेड और पेयजल व्यवस्था के लिए पानी के हौद बनाए गए हैं। चारे व सूखे भूसे को सुरक्षित रखने के लिए एक विशाल गोदाम भी उपलब्ध है।
गौशाला की बेहतरीन व्यवस्थाओं और संचालित जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि नंदी और गौवंश की निस्वार्थ सेवा करना पूरे समाज के लिए एक अत्यंत प्रेरणादायी कार्य है।


