PALI SIROHI ONLINE
जालोर-एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने जालोर जिले के सांचौर थाना क्षेत्र में 258.710 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। तस्करों के पास से 2 कार और 5 राज्यों की नंबर प्लेट भी मिली है। जिनका उपयोग पहचान छिपाने और पुलिस से बचने के लिए किया जा रहा था।
एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया-कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप विश्नोई (22) पुत्र हरिराम विश्नोई निवासी चारणिया की ढाणी, पूनासा,थाना भीनमाल, जिला जालोर के रूप में हुई है। पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी है।एस्कॉर्ट वाहन के साथ लाई जा रही थी खेप
एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि गुजरात के धनेरा से एक क्रेटा कार में भारी मात्रा में डोडा चूरा सांचौर की ओर लाया जा रहा है। तस्करी की खेप को सुरक्षित निकालने के लिए एक स्विफ्ट कार एस्कॉर्ट वाहन के रूप में साथ चल रही थी। सूचना के आधार पर एएनटीएफ टीम ने विरोल टोल नाके पर सादे कपड़ों में निगरानी शुरू की।
स्टॉप स्टिक लगाकर रोका, 25 किलोमीटर तक पीछा किया
निगरानी के दौरान पहले एक स्विफ्ट कार टोल पार कर वापस आकर खड़ी हो गई। कुछ देर बाद गुजरात की ओर से दूसरी स्विफ्ट कार और उसके पीछे क्रेटा कार पहुंची। संदेह होने पर टीम ने क्रेटा कार के सामने स्टॉप स्टिक लगा दी, जिससे उसका एक टायर फट गया। इसके बावजूद तीनों वाहन चालक तेज गति से भाग निकले। एएनटीएफ ने करीब 20 से 25 किलोमीटर तक पीछा किया।
कीलवा सरहद क्षेत्र में तस्कर क्रेटा कार और एक स्विफ्ट कार सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए, जबकि दूसरी स्विफ्ट कार के चालक को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची सांचौर थाना पुलिस ने क्रेटा कार की तलाशी ली, जिसमें 14 कट्टों में भरा 258.710 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ।


