PALI SIROHI ONLINE
मारवाड़ जंक्शन-हिंगलाज माता मंदिर, धामली में दर्शन कर पैदल घर लौट रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग के गले से बदमाश सोने का लॉकेट (फूल) झपटकर फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों के साथ काफी तलाश की, लेकिन आरोपी का सुराग नहीं मिलने पर मारवाड़ जंक्शन थाने में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार नया गांव निवासी भोलाराम पुत्र केनाराम ने रिपोर्ट में बताया कि 29 जुलाई 2026 को शाम 6 बजे वह गुरु पूर्णिमा पर हिंगलाज माता धामली में दर्शन कर पैदल घर लौट रहे थे। मंदिर से कुछ दूरी आगे बढ़ने पर रास्ते में चार युवकखड़े थे। इनमें से एक युवक ने अचानक उनके गले में पहना सोने का लॉकेट (फूल) झपटकर तोड़ लिया और अन्य साथियों के साथ फरार हो गया।
परिवादी ने बताया कि घटना से वह घबरा गए। घर पहुंचकर उन्होंने परिजन को जानकारी दी। इसके बाद आसपास के क्षेत्र में आरोपी की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
अगले दिन थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बुजुर्ग ने बताया कि उनके पास लॉकेट का फोटो है और आरोपी सामने आने पर वह उसकी पहचान कर सकते हैं। चोरी गए सोने के लॉकेट की कीमत 1.20 लाख रुपए बताई है।


