PALI SIROHI ONLINE
नगराज वैष्णव
सोजत-मारवाड़ जंक्शन कस्बे के मुख्य बाजार स्थित सत्यनारायण मंदिर के पास एक अध्यापक के सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात हुई है। अज्ञात चोर लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, दो महंगे मोबाइल फोन और नकदी चुराकर फरार हो गए। ये घटना गुरुवार देर रात को हुई।
चोरों ने अध्यापक प्रवीण शर्मा के मकान को निशाना बनाया। घटना के समय अध्यापक का परिवार बाहर गया हुआ था, जिसके कारण मकान बंद था। चोरों ने ताले तोड़कर घर मेंप्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया।
शुक्रवार सुबह पड़ोसियों को मकान के ताले टूटे हुए मिले, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि इसी सत्यनारायण मंदिर में करीब पांच दिन पहले भी चोरी की वारदात हुई थी। तब अज्ञात चोरों ने मंदिर से सोने-चांदी के छत्र और नकदी चुरा ली थी।
कस्बे में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। निवासियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।


