PALI SIROHI ONLINE
सोजत-सोजत क्षेत्र में शुक्रवार शाम को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बाइक सवारों की मौत हो गई। इन हादसों में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल भी हुआ है, जिसे सोजत के जिला अस्पताल से जोधपुर रेफर किया गया है।
पहला हादसा सोजत से गुजर रहे नेशनल हाईवे संख्या 162 पर दंतिया बालाजी के पास हुआ। सोजत थाने के ड्यूटी ऑफिसर रतनसिंह ने बताया कि एक पिकअप ने बाइक सवार सुरेश चौकीदार (30) निवासी गाड़ियां लोहार कॉलोनी,सोजत को टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल सुरेश को सोजत के जिला अस्पताल लाया गया। वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दूसरा हादसा सांडिया से बगड़ी जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार देर शाम को हुआ। चंदावल थाने के ड्यूटी ऑफिसर छोटाराम ने बताया कि बगड़ी निवासी रवि वैष्णव (23) पुत्र नवरत्न वैष्णव और सुभाष (27) पुत्र गोरधनराम मेघवाल सांडिया से बगड़ी जा रहे थे। इस दौरान दोनों बाइक सवार सड़क हादसे का शिकार हो गए और बाइक से उछलकर सड़क किनारे कंटीली झाड़ियों में जा गिरे। हादसे में रवि वैष्णव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुभाष को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया है।


