PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली जिले में सोमवार को तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे एम्बुलेंस की सहायता से पाली के बांगड़ अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज किया गया।
घायल के भाई नेमाराम ने बताया कि गुरलाई गांव निवासी उसका भाई भेराराम पुत्र घीसाराम मीणा डेंडा गांव से बाइक पर पाली आ रहा था। इसी दौरान बीच रास्ते में तेज गति से आ रहे एक डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भेराराम सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। घायल को बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि डंपर ड्राइवर लापरवाही और तेज गति से गाड़ी चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।

